राष्ट्रपति अहमदी नेजाद ने कहा है कि प्रजातंत्र अमरीका व उसके घटकों की बंदूक़ की नाली से नहीं निकलता है।

उन्होंने तेहरान में युवा व इस्लामी जागरूकता कान्फ़्रेंस के उदघाटन समारोह में अपने भाषण में कहा कि साम्राज्यवादी देश अन्य राष्ट्रों पर केवल दरिद्रता एवं हीन भावना थोपने का प्रयास करते हैं। उन्होंने कहा कि अमरीका तथा पश्चिमी देशों ने गत वर्ष 60 अरब डॉलर से अधिक के शस्त्र बेचे हैं, क्या ये शस्त्र शांति, स्वतंत्रता एवं प्रजातंत्र के लिए हैं या इनसे युद्ध, जनसंहार तथा मतभेद उत्पन्न करने का काम लिया जाएगा। राष्ट्रपति ने इस बात पर बल देते हुए कि न्याय, स्वतंत्रता व प्रतिष्ठा सभी राष्ट्रों का अधिकार है, कहा कि साम्राज्यवादी शक्तिया आज प्रजातंत्र एवं मानवाधिकार के नारों के साथ अपने पिछले साम्राज्यवादी लक्ष्यों को ही आगे बढ़ा रही हैं। राष्ट्रपति अहमदी नेजाद ने यह प्रश्न करते हुए कि युद्ध, शस्त्रों की होड़, जनसंहार तथा सामाजिक स्तर पर आर्थिक विषमता किस लिए है? कहा कि प्रतिवर्ष शस्त्रों की तैयारी पर एक सौ बीस अरब डालर से अधिक की राशि ख़र्च की जाती है तथा बड़ी स्पष्ट सी बात है कि इतनी भारी मात्रा में शस्त्रों की तैयारी मनुष्य की हत्या के लिए ही है। उन्होंने कहा कि हालिया दशकों में जब विभिन्न देशों में जनांदोलन अपने चरम पर पहुंचे तो साम्राज्यवादी देशों ने अपना चोला बदल लिया है और अब वे प्रजातंत्र तथा मानवाधिकार के नाम पर राष्ट्रों का शोषण कर रहे हैं।

.......

166